नितिन गडकरी ग्राफिक्स
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं। अब देशभर की निगाहें ‘टीम मोदी’ पर हैं। वे चेहरे कौन हैं, जो प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट का हिस्सा होंगे? कैबिनेट में कौन कौन से नए चेहरे शामिल होंगे? किन पुराने चेहरों पर फिर से भरोसा जताकर मंत्रालय सौंपा जाएगा? इन प्रश्नों के उत्तर भी सामने आ गए हैं। इस बीच मोदी सरकार ने लगातार तीसरी बार नितिन गडकरी को सड़क परिवहन मंत्रालय सौंपा है। गडकरी के अनुभव, उनके काम करने के तरीके ने ही उन्हें इस पद का मजबूत उम्मीदवार बनाया। आइए जानते हैं कि इस बार लोकसभा चुनाव में गडकरी ने किस तरह से अपना विजयरथ जारी रखा? उनका राजनीतिक जीवन कैसा रहा है और पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में कितना इजाफा हुआ?
नागपुर में मराठी परिवार में हुआ जन्म
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का जन्म नागपुर के एक मराठी परिवार में 27 मई को 1957 में हुआ था। अपने राजनीति की शुरुआत से पहले नितिन गडकरी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे। नितिन गडकरी वर्ष 1989 से महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे। और साल 1999 से 2005 तक वे महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं नितिन गडकरी
वहीं साल 2009 में उनको महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया। फिर बाद में नितिन गडकरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर भी नियुक्त किया गया था। जनवरी 2013 में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद मई 2014 में नितिन गडकरी पहली बार केंद्रीय सड़क-परिवहन मंत्री बने। फिर मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी नितिन गडकरी को सड़क-परिवहन मंत्रालय सौंपा गया।