मशहूर सिंगर केके का कोलकाता में मंगलवार की रात निधन हो गया है। केके अपने दो दिन के कॉन्सर्ट के लिए कोलकाता आए थे। मंगलवार को केके की परफॉर्मेंस का आखिरी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह ‘हम रहें न रहें कल..’ गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं। फैंस उनके इस आखिरी शो के वीडियो शेयर कर भावुक हो रहे हैं। सिंगर की मौत से हर कोई स्तब्ध है और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।
अपनी इस आखिरी परफॉर्मेंस में केके दर्शकों से भरे पूरे हॉल के सामने परफॉर्म कर रहे थे। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि फैंस भी उनके गानों का आनंद उठा रहे हैं और केके बड़े ही जोश के साथ गाने गा रहे हैं। उनके निधन की खबर जब से सामने आई है, फैंस उनके आखिरी परफॉर्मेंस के वीडियो शेयर कर रहे हैं। किसी वीडियो में वह ‘यारों दोस्ती बड़ी ही हसीन है’…गाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, किसी में वह अपना ‘अभी अभी’ गाना गा रहे हैं।
केके कोलकता के नाजरुल मंच पर लाइव परफॉर्म कर रहे थे। उन्हें शो के दौरान अपनी तबीयत ठीक नहीं लग रही थी और बैचेनी हो रही थी। ऐसे में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सिंगर के निधन की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
53 वर्षीय सिंगर के निधन की खबर से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री और मनोरंजन जगत से जुड़े सितारे उनके अचानक इस दुनिया से चले जाने से हैरान हैं और अपना शोक प्रकट कर रहे हैं। फैंस भी अपने चहेते सिंगर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।